23 हजार के विवाद में भाई बना हैवान: धारदार हथियार से हमला, सगे भाई का कान काटा
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत श्यामदेउरवा में एक पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। पिता के ब्रह्मभोज के बाद बचे पैसों के हिसाब को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें दो सगे भाइयों ने मिलकर तीसरे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसका कान काट दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राहुल अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता के निधन के बाद ब्रह्मभोज के आयोजन हेतु परिवार में धन एकत्र किया गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद करीब 23 हजार रुपये शेष बचे थे।
बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम राहुल ने सुझाव दिया कि बचे हुए पैसों से घर में सभी भाइयों के उपयोग के लिए सीढ़ी बनवा दी जाए। इसी प्रस्ताव को लेकर उसके भाइयों राम अग्रवाल और श्याम अग्रवाल का पारा चढ़ गया और दोनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।आरोप है कि देखते ही देखते मामला गाली-गलौज से बढ़कर हिंसा में तब्दील हो गया। दोनों भाइयों ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी दौरान धारदार हथियार से गले पर वार किया गया। राहुल ने जब खुद को बचाने की कोशिश की, तो उसका कान कटकर अलग हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद किसी तरह राहुल अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला और पहले इलाज कराया, फिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोनों आरोपियों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि पारिवारिक विवाद यदि समय रहते नहीं सुलझाए जाएं, तो वे कितने खतरनाक रूप ले सकता है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR