सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
कुशीनगर। प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनसुनवाई एवं शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील सदर (पडरौना) में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
समाधान दिवस के दौरान कृषि, समाज कल्याण, महिला कल्याण, मनरेगा, राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित कुल 70 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 58 प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
विभागवार प्राप्त प्रकरणों में राजस्व विभाग के 42 (12 निस्तारित, 30 लंबित), पुलिस विभाग के 14, विकास विभाग के 11 तथा अन्य विभागों के 3 मामले शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित प्रकरणों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व विवादों के समाधान हेतु पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, आपसी रंजिश, कानून-व्यवस्था एवं अन्य संवेदनशील मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश बर्मा, उपजिलाधिकारी पडरौना, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, समस्त थाना प्रभारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR