:
भीषण गर्मी का असरः महराजगंज में लू लगने से दो गिद्धों की मौत, वन विभाग अलर्ट
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।जनपद के मधवलिया रेंज अंतर्गत परसामलिक थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार को झिंगटी एसएसबी कैंप के पास आसमान में उड़ रहे दो गिद्ध अचानक जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चिंता का माहौल फैल गया। सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों मृत गिद्धों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों की टीम ने मौत का कारण हीट स्ट्रोक (लू लगना) बताया है। विशेषज्ञों के अनुसार, क्षेत्र में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने के कारण गिद्धों के शरीर में पानी की भारी कमी हो गई थी। अत्यधिक गर्मी और डिहाइड्रेशन के चलते उनके फेफड़े और हृदय जैसे महत्वपूर्ण अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
वन क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार भास्कर ने बताया कि घटना के बाद विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जंगलों में पानी के स्रोतों को भरने, टैंकरों की व्यवस्था करने और वन्यजीवों को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही पूरे रेंज में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
यह घटना संकेत देती है कि बढ़ती गर्मी और बदलते पर्यावरण का असर वन्यजीवों पर गंभीर रूप से पड़ रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR