अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल बरामद

 बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल बरामद

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज। नौतनवा पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान देवनारायण नाउ (20) निवासी देगहरी, थाना भैरहवा, जिला रुपन्देही (नेपाल) तथा रामरतन लोनिया (24) निवासी गैंडहवा, थाना पोंहवा, जिला रुपन्देही (नेपाल) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल से भारत आकर मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और पिछले कुछ महीनों से सक्रिय थे।

बरामद मोटरसाइकिलों में एक सुपर स्प्लेंडर बाइक शामिल है, जो 14 अप्रैल को मैक्स सिटी अस्पताल के पास से चोरी हुई थी। इसके अलावा फरेंदा और कोल्हुई थाना क्षेत्रों से चोरी की गई दो अन्य बाइकें भी पुलिस ने बरामद की हैं। तीनों मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनसान और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़ी बाइकों को निशाना बनाता था और मौका मिलते ही चोरी कर फरार हो जाता था। बरामदगी के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता, उपनिरीक्षक मनीष पटेल सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ