खुटहा बाजार में एचपी गैस एजेंसी पर छापा, 227 सिलेंडरों का बड़ा अंतर मिला

एचपी गैस एजेंसी पर छापा, 227 सिलेंडरों का बड़ा अंतर मिला

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। एलपीजी कंट्रोल रूम में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए खुटहा बाजार स्थित कालीचरन एचपी गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी पर 13 अप्रैल को छापेमारी की। जांच के दौरान भारी अनियमितताएं उजागर होने पर एजेंसी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार साहनी और पूर्ति निरीक्षक अरविंद कुमार की संयुक्त टीम जब एजेंसी परिसर में पहुंची, तो वहां न तो ऑफलाइन और न ही ऑनलाइन स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध मिला। एजेंसी संचालक संध्या की ओर से गोदाम में 250 घरेलू सिलेंडर सहित अन्य सिलेंडरों का स्टॉक बताया गया, लेकिन मौके पर केवल 48 खाली सिलेंडर ही पाए गए। इस प्रकार करीब 227 सिलेंडरों का भारी अंतर सामने आया, जिसे अधिकारियों ने गंभीर अनियमितता माना है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद उपभोक्ताओं ने भी एजेंसी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि फरवरी और मार्च में बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें अब तक गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। एजेंसी कर्मियों द्वारा बार-बार चक्कर लगवाए जा रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मोबाइल पर ओटीपी और डिलीवरी मैसेज प्राप्त होने के बावजूद उन्हें सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई, जबकि केवाईसी और वितरण प्रक्रिया में भी लापरवाही बरती जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, स्टॉक रजिस्टर का संधारण न करना और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया जाना द्रवित पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) नियंत्रण आदेश-2000 का स्पष्ट उल्लंघन है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एजेंसी संचालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।वहीं, पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ