टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया।विकास भवन स्थित गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। उप कृषि निदेशक ने पिछली बैठक की शिकायतों के निस्तारण की जानकारी देते हुए किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। साथ ही गेहूं कटाई के दौरान फसल अवशेष न जलाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि जनपद में खाद व बीज की कोई कमी नहीं है तथा खरीफ बीज का वितरण शीघ्र शुरू होगा।
किसानों ने मंडी में बैठने व सब्जी बिक्री के लिए स्थान निर्धारित करने, खरीद केंद्रों पर बोरे की कमी, मलकौली में खरीद केंद्र तथा गेहूं को पतला बताकर की जा रही कटौती की समस्या उठाई। इस पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा मलकौली में केंद्र संचालित होने की जानकारी दी। विद्युत विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार की मांग भी उठाई गई।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि अब तक 8.27 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष भुगतान की प्रक्रिया जारी है। फसल बीमा के तहत खरीफ 2025 में 1621 किसानों को करीब 30 लाख रुपये का भुगतान प्रस्तावित है।पशुपालन विभाग ने नंद बाबा मिशन, नंदिनी योजना व भेड़-बकरी पालन योजनाओं की जानकारी देते हुए 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान बताया तथा नई योजनाएं मई-जून में आने की संभावना जताई।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ी समस्याओं को शासन तक भेजा जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि कोई खरीद केंद्र गेहूं को पतला बताकर अस्वीकार करता है तो उसका कारण लिखित में लिया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की सूचना तत्काल देने को कहा। साथ ही किसानों को तीसरी फसल व घर पर सब्जी उत्पादन अपनाने की सलाह दी।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR