सेल्फी लेने के चक्कर में नहर में डूबा युवक

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक युवक गंडक नहर के रेलवे पुल पर सेल्फी लेने के चक्कर में नहर में डूब गया। पानी अधिक होने के कारण इसके शरीर  को प्राप्त नहीं किया जा सका। गोताखोर इसकी तलाश में लगे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार कुशीनगर के पडरौना कोतवाली क्षेत्र के सिरसिया दीक्षित गांव के पास नहर से गुजरते रेल पुल पर सेल्फी लेने के चक्कर में उक्त गांव  निवासी बेचन चौधरी का पुत्र विकास चौधरी (21) अपने मित्रों के साथ सोमवार को ग्यारह बजे मुख्य पश्चिमी गंडक नहर रेलवे क्रासिंग पुल पर पहुंचा था। पुल पर चढ़कर दोस्तों के साथ सेल्फी लेने लगा। उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर के पानी में जा गिरा।  इधर नहर में अधिक पानी होने के कारण वह डूब गया। मौके पर मौजूद लोगोँ ने स्थानीय मिश्रौली चौकी और परिजनों को सूचित किया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस और नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस ने तैराकों को लगाकर उसकी तलाश कराई। पता नहीं चलने पर गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों की मदद से नहर में उसे ढूढने का प्रयास जारी है।  
इधर 5 घंटे बाद भी उसका पता नहीं चल सका था। बेचन चौधरी सफाईकर्मी है। वही 21वर्षीय विकास इंटर पास करने के बाद बिजली विभाग में ठेके पर काम करता था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ