मठिया शाखा नहर पर पुल की टूटी रेलिंग बनी हादसे का सबब

मठिया शाखा नहर पर पुल की टूटी रेलिंग बनी हादसे का सबब

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

जटहा बाजार। विशुनपुरा विकासखंड के जटहा बाजार को डिबनी होते हुए जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर मठिया शाखा नहर के घूरछपरा के पास स्थित पुल की रेलिंग काफी समय से टूटी हुई है। रेलिंग टूटने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, पुल की रेलिंग कई महीने पहले क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके अलावा पुल के किनारे रेनकट होने से उसका कुछ हिस्सा भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीणों ने अस्थायी तौर पर मिट्टी डालकर पुल को आवागमन के योग्य बनाया है, लेकिन यह व्यवस्था स्थायी नहीं है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीण जीतई कुशवाहा और शारदा समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस मार्ग से अक्सर भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। पुल पर रेलिंग नहीं होने के कारण रात के समय आवागमन करने वाले कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।

सुभाष कुशवाहा, लल्लन चौधरी, भोला, विजय चौधरी और संतराज समेत अन्य ग्रामीणों ने जनहित में संबंधित विभाग से पुल की तत्काल मरम्मत कराने और नई रेलिंग लगवाने की मांग की है।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ