बिजली विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर भर्ती पर सवाल

बिजली विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर भर्ती पर सवाल
न विज्ञापन, न आवेदन, न मेरिट सूची; फिर कैसे हो गईं नियुक्तियां?
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
कुशीनगर। बिजली विभाग में आउटसोर्सिंग के माध्यम से की गई कम्प्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्तियां सवालों के घेरे में आ गई हैं। भर्ती प्रक्रिया को लेकर जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है। आरोप हैं कि नियुक्तियों के लिए न तो कोई सार्वजनिक विज्ञापन जारी किया गया और न ही चयन प्रक्रिया की जानकारी बेरोजगार युवाओं को दी गई।
सूत्रों के अनुसार पडरौना विद्युत उपकेंद्र सहित जिले के विभिन्न उपकेंद्रों पर कम्प्यूटर ऑपरेटरों की तैनाती की गई है। हालांकि इन नियुक्तियों के संबंध में विभाग या संबंधित आउटसोर्सिंग कम्पनी की ओर से कोई सार्वजनिक सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि अभ्यर्थियों का चयन किस आधार पर किया गया।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर जिले में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर धन का लेन-देन हुआ है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यदि आरोप सही हैं तो मामला गंभीर माना जा रहा है।
जानकारों का कहना है कि आउटसोर्सिंग भर्ती में भी रिक्त पदों की सूचना, आवेदन प्रक्रिया और चयन के मानकों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। ऐसा न होने पर पारदर्शिता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि यदि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुरूप हुई है तो विज्ञापन कब निकाला गया, आवेदन कब लिए गए और चयन सूची सार्वजनिक क्यों नहीं की गई? इन सवालों के जवाब मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अब देखना यह है कि बिजली विभाग के अधिकारी और जिला प्रशासन इस मामले में उठ रहे सवालों का जवाब देते हैं या नहीं।


रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ