नहर में कूदी किशोरी, एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक किशोरी के नहर में कूद जाने से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी अचानक देवरिया शाखा नहर के किनारे पहुंची और देखते ही देखते पानी में छलांग लगा दी। तेज बहाव के कारण वह कुछ ही क्षणों में लोगों की नजरों से ओझल हो गई।
घटना के समय आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह नहर की धारा में बह चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पाकर भिटौली चौकी प्रभारी यदुवीर यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक स्तर पर स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में खोजबीन कराई गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की सहायता ली गई। एसडीआरएफ टीम ने मोटरबोट के जरिए नहर में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार किशोरी की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्टर:रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR