आंधी-तूफान से फसलों और बागों को नुकसान होने पर तुरंत दें सूचना, किसानों से जिला उद्यान अधिकारी की अपील
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
देवरिया। हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण जनपद में कई स्थानों पर उद्यान फसलें और बाग प्रभावित हुए हैं। इसे देखते हुए जिला उद्यान अधिकारी ने उद्यान विभाग से जुड़े सभी किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसलों या बागों को हुए नुकसान की जानकारी जल्द से जल्द विभाग को उपलब्ध कराएं।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जिन किसानों की उद्यान फसलों अथवा बागों में 33 प्रतिशत या उससे अधिक क्षति हुई है, वे तत्काल इसकी सूचना जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, भुजौली कॉलोनी, देवरिया में दें। इससे समय पर सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी बाग में समूह के रूप में पेड़ गिर गए हों या कुल पौधों का 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ हो, तो किसान क्षति से संबंधित फोटो सहित सूचना विभाग को जमा करें। प्राप्त जानकारी के आधार पर विभागीय टीम द्वारा मौके पर जाकर सर्वेक्षण कराया जाएगा और शासन की मंशा के अनुरूप आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
किसानों से आग्रह किया गया है कि वे नुकसान की जानकारी और फोटोग्राफ शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि राहत एवं सहायता की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा शासन की प्राथमिकता है और विभाग प्रभावित किसानों के सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रिपोर्टर: अजय कुमार त्रिपाठी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR