विकास कार्यों को लेकर नगर विकास मंत्री से मिले सदर व पनियरा विधायक
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया एवं पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।बैठक के दौरान दोनों विधायकों ने महाराजगंज नगर पालिका परिषद के साथ ही चौक, घुघली, पनियरा और परतावल नगर पंचायतों में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विकास प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखे। साथ ही नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुराने विद्युत पोलों को बदलने तथा ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
विधायकों ने नगर निकायों में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने और आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस अवसर पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया एवं पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार का सहयोग आवश्यक है।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने दोनों जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नगर निकायों में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर चेयरमैन राजेश जायसवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR