वाराणसी में हाई लेवल मॉक ड्रिल, वीवीआईपी सुरक्षा को परखा गया

वाराणसी में हाई लेवल मॉक ड्रिल, वीवीआईपी सुरक्षा को परखा गया

 टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

वाराणसी। आगामी वीवीआईपी कार्यक्रमों एवं त्योहारों के मद्देनजर वाराणसी में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए हाई लेवल मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसजी कमांडो सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से सुरक्षा तैयारियों का अभ्यास किया।


मॉक ड्रिल पुलिस लाइन हेलीपैड से शुरू होकर सर्किट हाउस, काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम तक निर्धारित रूट पर संचालित की गई। अभ्यास के दौरान पूरे मार्ग पर यातायात को अस्थायी रूप से रोककर वीवीआईपी काफिले की सुरक्षित आवाजाही का अभ्यास कराया गया।

इस संयुक्त सुरक्षा अभ्यास में स्थानीय पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाना तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (सुरक्षा) शिव हरि मीणा ने बताया कि यह मॉक ड्रिल अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) के निर्देश पर आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों और संभावित वीवीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए समय-समय पर ऐसे संयुक्त अभ्यास किए जाते रहेंगे।



रिपोर्टर: अतुल उपाध्याय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ