रोजगार मेले में 1190 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने लिया साक्षात्कार, 4000 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), देवरिया परिसर में वृहद रोजगार एवं अप्रेंटिस मेले का आयोजन किया गया। मेले में आईटीआई एवं नॉन-आईटीआई अभ्यर्थियों के लिए 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर साक्षात्कार लिया। कंपनियों द्वारा कुल 1190 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।रोजगार मेले का उद्घाटन देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने किया, जबकि समापन जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने किया।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि कौशल एवं दक्षता के माध्यम से युवा अपने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर सकते हैं। युवाओं को अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप क्षेत्र का चयन कर पूरी लगन, मेहनत एवं समर्पण के साथ निरंतर प्रयास करना चाहिए।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल का विशेष महत्व है। युवा अपने कौशल को निरंतर विकसित करते हुए रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें जो भी कार्य एवं दायित्व सौंपा जाए, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा अपने कार्य के माध्यम से परिवार, समाज और देश की प्रगति में योगदान दें।
समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली सभी कंपनियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कंपनियों द्वारा मेले में प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कंपनियां इसी प्रकार रोजगार मेलों में प्रतिभाग कर युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगी।जिलाधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपने कार्य के प्रति सेवा भाव रखने तथा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा की।
प्रधानाचार्य आईटीआई केके राम ने रोजगार मेले के सफल आयोजन में सहयोग करने वाली सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों, अभ्यर्थियों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में कुल 4000 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में प्रतिभाग किया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा आईटीआई एवं नॉन-आईटीआई के कुल 1190 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR