श्रावण मास के दृष्टिगत सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित

श्रावण मास के दृष्टिगत सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहे पवित्र श्रावण मास के मद्देनजर जनपद में कांवड़ यात्रा, शिवालयों में जलाभिषेक तथा जल भरने वाले प्रमुख घाटों पर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित कर लिए गए हैं।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि जनपद के सभी प्रमुख शिवालयों, कांवड़ मार्गों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस एवं पीएसी बल की तैनाती की गई है, जो पूरे श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के आठ प्रमुख शिवालयों पर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शिवालयों तथा कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था करने तथा उन्हें मंदिर परिसरों से उचित दूरी पर स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख स्थलों पर मेडिकल टीमों की तैनाती, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा एंबुलेंस सेवाओं को सक्रिय रखा जाएगा, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी सक्रिय रहेगा। किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर श्रद्धालु इसके माध्यम से सूचना दे सकेंगे, जिससे तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि सरयू नदी सहित जल भरने वाले प्रमुख घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक (वार्निंग साइन बोर्ड) लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।



रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ