अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, मई में 53 वाहनों पर ₹26.19 लाख का जुर्माना
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, कुशीनगर।
जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को बालू लदे एक टीपर को पकड़कर थाना सेवरही की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रक जिस पर 06 जून 2026 को चेक गेट के माध्यम से ₹57,250 का चालान किया गया था, उससे संबंधित जुर्माना राशि भी जमा करा दी गई है।
खान अधिकारी ने बताया कि मई 2026 के दौरान अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के मामलों में कुल 53 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹26,19,560 का जुर्माना लगाया गया। इनमें से ₹22,99,590 की धनराशि राजकोष में जमा कराई जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए गठित टास्क फोर्स द्वारा नियमित जांच, सत्यापन एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है, ताकि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही संबंधित विभागों को सतर्कता बरतते हुए निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR