धानी क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल संकट और बिजली कटौती से जनजीवन बेहाल, राहुल शर्मा ने दी आत्मदाह की चेतावनी

पेट्रोल-डीजल संकट और बिजली कटौती से जनजीवन बेहाल, राहुल शर्मा ने दी आत्मदाह की चेतावनी
टाईम्स  आफ कुशीनगर व्यूरों
महराजगंज। क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत और लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता तथा किसानों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। क्षेत्र के लोगों को खेती-किसानी, आवागमन और दैनिक कार्यों में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ब्लॉक धानी के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते किसान खेती से जुड़े जरूरी कार्य समय पर नहीं कर पा रहे हैं। डीजल की कमी के कारण सिंचाई और कृषि उपकरणों के संचालन पर भी असर पड़ रहा है।
वहीं भीषण गर्मी के बीच धानी बाजार क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। लगातार बिजली कटौती के कारण लोगों की नींद, दिनचर्या और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उमस और अंधेरे से क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राहुल शर्मा ने प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने उपजिलाधिकारी फरेंदा के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर क्षेत्र की बदहाल स्थिति से अवगत कराया है।
पत्र में राहुल शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारु नहीं की गई और बिजली समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वह 27 मई 2026 को मुख्यमंत्री आवास कालिदास मार्ग, लखनऊ पर आत्मदाह करने के लिए बाध्य होंगे।
राहुल शर्मा की इस चेतावनी के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं क्षेत्रीय लोग भी जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ