तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग किसान की मौत

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग किसान की मौत
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के कुइयां कंचनपुर गांव में गुरुवार दोपहर सड़क हादसे में साइकिल सवार एक 80 वर्षीय बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

जानकारी के अनुसार, कुइयां कंचनपुर निवासी भागीरथी चौधरी (80) पुत्र झिल्लूर दवा लेने के लिए कंचनपुर चौराहे गए थे। दवा लेकर घर लौटते समय कुइयां और कंचनपुर के बीच देवरिया शाखा नहर के पुल पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना की जानकारी मिलने पर राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल वृद्ध को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, छह बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार का भरण-पोषण खेती-किसानी से होता है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ