जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों पर होगी कठोर कार्रवाई : अपर जिलाधिकारी

जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों पर होगी कठोर कार्रवाई : अपर जिलाधिकारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो।
कुशीनगर। जनगणना 2027 के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) वैभव मिश्रा ने समीक्षा बैठक के दौरान पाया कि कुछ ब्लॉकों एवं एच०एल०बी० क्षेत्रों में प्रगणकों द्वारा अभी तक कार्य प्रारम्भ नहीं किया गया है।
समीक्षा के दौरान चार्ज अधिकारियों, तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों ने अवगत कराया कि कई प्रगणक एवं सुपरवाइजर अब तक ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए हैं और न ही उन्होंने जनगणना कार्य शुरू किया है। इस पर नाराजगी जताते हुए अपर जिलाधिकारी ने सभी तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा-11 के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाए।
निर्देशों के क्रम में तहसील तमकुहीराज में 05, नगर पालिका परिषद पडरौना में 02, नगर पंचायत रामकोला में 02, नगर पंचायत छितौनी में 02, नगर पंचायत हाटा में 03, नगर पंचायत सुकरौली में 02 तथा तहसील खड्डा में 02 जनगणना कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत दोषी पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों को ₹1000 तक जुर्माना तथा तीन वर्ष तक के कारावास की सजा हो सकती है। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ