ट्रक में रद्दी कपड़ों के नीचे छिपाकर लाई जा रही 7644 लीटर विदेशी शराब बरामद🔴 धरनी छापर चेकपोस्ट पर मैरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 लाख की शराब जब्त🔴 पंजाब से हाजीपुर भेजी जा रही थी खेप, चालक गिरफ्तारटाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरोभाटपार रानी/बनकटा, देवरिया। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर बड़े पैमाने पर शराब की खेप पहुंचाने में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में बिहार के मैरवा थाना पुलिस को शुक्रवार की भोर एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब धरनी छापर चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।पुलिस के अनुसार तस्करों ने शराब की खेप को रद्दी कपड़ों के नीचे छिपाकर रखा था, ताकि किसी को शक न हो। तलाशी के दौरान ट्रक से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 7644 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई है।बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई थानाध्यक्ष राहुल कुमार के कार्यकाल की अब तक की सबसे बड़ी शराब बरामदगी मानी जा रही है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक वीरेंद्र कुमार निवासी राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप पंजाब से हाजीपुर भेजी जा रही थी। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के माध्यम से शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पंजाब में इस खेप को किसने ट्रक में लोड कराया और हाजीपुर में किस शराब माफिया को इसकी डिलीवरी दी जानी थी।थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि नियमित वाहन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश सीमा की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। शुरुआती जांच में ट्रक पर रद्दी कपड़े लदे दिखाई दिए, लेकिन गहन तलाशी लेने पर उसके नीचे छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुईं।पुलिस ने ट्रक और शराब की खेप को जब्त कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस बड़ी बरामदगी के बाद यूपी-बिहार सीमा पर सक्रिय शराब तस्करी नेटवर्क को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी के इस अवैध कारोबार में कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के बिना इतनी बड़ी खेपों का लगातार आना-जाना संभव नहीं है। हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर: व्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR