120 लीटर डीजल के साथ युवक गिरफ्तार, फुटकर में महंगे दाम पर बेचने का खुलासा

पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही गहन पूछताछ 
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। जनपद में डीजल–पेट्रोल की कालाबाजारी और अवैध बिक्री पर चलाए जा रहे अभियान के तहत निचलौल तहसील क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अहिरौली ग्राम निवासी प्रेम सागर गुप्ता (25 वर्ष) को 120 लीटर डीजल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में डीजल ले जाने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी फुटकर में अधिक कीमत पर डीजल बेचने का कार्य करता था। मामले की सूचना मिलने पर पूर्ति विभाग भी सक्रिय हुआ और पूर्ति निरीक्षक निचलौल ने आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि वह डीजल कहां से लाता था और किन लोगों को अधिक दामों में बेचता था।
बताया जा रहा है कि जिले में डीजल और पेट्रोल की बढ़ती मांग के बीच कुछ लोग अवैध तरीके से ईंधन का भंडारण कर कालाबाजारी में जुटे हैं। प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध भंडारण, कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ