लापरवाही की हद: समय पर नहीं खुलता पावानगर इंटर कॉलेज, शिक्षक खुद संभाल रहे व्यवस्था

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

फाजिलनगर। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के सरकारी दावों के बीच पावानगर महावीर इंटर कॉलेज की स्थिति व्यवस्था की पोल खोलती नजर आ रही है। यहां विद्यालय का गेट समय पर न खुलना अब आम बात बन चुकी है, जिससे शिक्षण कार्य बाधित हो रहा है।

बुधवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचे, लेकिन गेट पर ताला लटका मिला। काफी देर तक इंतजार के बाद भी कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। ऐसे में शिक्षकों को मजबूरन बाहर ही उपस्थिति दर्ज करनी पड़ी।

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शिक्षकों को स्वयं प्रयास कर गेट खुलवाना पड़ा। इसके बाद बिना किसी औपचारिक व्यवस्था के ही शिक्षकों ने छात्रों को एकत्र कर राष्ट्रगान कराया और कक्षाएं संचालित करनी शुरू कर दीं।

शिक्षकों का कहना है कि लगातार इस तरह की अव्यवस्था से न केवल पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि छात्रों का अनुशासन भी कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो रही है।

स्थानीय लोगों का भी मानना है कि यदि समय पर विद्यालय नहीं खुलेगा, तो बच्चों की शिक्षा पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ