महराजगंज: केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले की विभिन्न तहसीलों एवं विकासखंडों से पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, शिक्षा, सिंचाई तथा पेंशन समेत विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के प्रार्थना-पत्र केंद्रीय मंत्री को सौंपे। पंकज चौधरी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनी और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आम नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार जनहित के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने और गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे। मंत्री ने सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि पात्र मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR