निर्माणाधीन कृषि विश्वविद्यालय का कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया आकस्मिक निरीक्षणजुलाई अंत तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, कुशीनगर। प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को जनपद कुशीनगर स्थित निर्माणाधीन महात्मा गौतम बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए।कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों ने मंत्री को अवगत कराया कि शैक्षणिक भवन, व्याख्यान कक्ष, टाइप-1 एवं टाइप-2 आवास, छात्र एवं छात्रा छात्रावास का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा वर्तमान में अंतिम रूप देने का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय भवन की संरचना एवं अतिथि गृह का निर्माण भी पूर्ण कर लिया गया है।
कृषि मंत्री ने निर्देश दिया कि कृषि विश्वविद्यालय का समस्त निर्माण कार्य प्रत्येक स्थिति में जुलाई 2026 के अंत तक पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कर मुख्य मार्ग से कृषि विश्वविद्यालय को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य को भी शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।उन्होंने निर्देशित किया कि डेंचा बीज अधिक से अधिक किसानों को वितरित किया जाए तथा इसकी बुवाई सुनिश्चित कराई जाए, जिससे भूमि की उर्वरता बढ़े और फसल उत्पादन बेहतर हो सके।उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जनपद होने के कारण उर्वरकों के वितरण में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैध आपूर्ति को रोका जा सके। साथ ही राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि के अनुसार ही किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं।विभागीय अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि वर्तमान में जनपद में यूरिया, डीएपी तथा डेंचा बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। भविष्य की मांग को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त उर्वरकों की उपलब्धता के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: अजय कुमार त्रिपाठी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR