जनता दर्शन में पहुंचा सेवानिवृत्त होमगार्ड, सात वर्षों से जमीन के बंटवारे में न्याय की गुहार

जनता दर्शन में पहुंचा सेवानिवृत्त होमगार्ड, सात वर्षों से जमीन के बंटवारे में न्याय की गुहार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। जनपद के ग्राम पकड़ी बुजुर्ग, तहसील पडरौना निवासी सेवानिवृत्त होमगार्ड छोटेलाल सिंह पुत्र जताई सिंह शुक्रवार को अपनी फरियाद लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के जनता दर्शन में पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर वर्ष 2019 से लंबित जमीन के बंटवारे के मामले में न्याय दिलाने की मांग की।

छोटेलाल सिंह ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर न्यायालय के चक्कर लगा रहे हैं। उनका मामला वर्ष 2019 से उप जिलाधिकारी (न्यायिक) पडरौना की अदालत में विचाराधीन था। न्यायालय ने 12 अगस्त 2025 को मामले का निस्तारण कर दिया, लेकिन आदेश के बावजूद उन्हें भूमि पर कब्जा नहीं मिल सका।


उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेश के बाद विपक्षी पक्ष ने आदेश के विरुद्ध अपील दायर कर दी, जिसके कारण उन्हें अब तक अपनी जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल पाया है। इससे उन्हें लगातार आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


जनता दर्शन में जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान छोटेलाल सिंह ने मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई कराते हुए न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने तथा उन्हें उनकी जमीन का कब्जा दिलाने की मांग की।

जिलाधिकारी ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



रिपोर्टर: के एन राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ