स्टूल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से छह वर्षीय बालक की मौत

स्टूल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से छह वर्षीय बालक की मौत

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कसया, कुशीनगर। कसया तहसील क्षेत्र के ग्राम सखवनिया बुजुर्ग में स्टूल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से एक छह वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यश कुमार (6 वर्ष) पुत्र कृष्ण प्रसाद घर में रखे स्टूल फैन को बंद करने गया था। इसी दौरान फैन में उतरे विद्युत करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही कसया के उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्टूल फैन में विद्युत करंट उतर आया था। बालक द्वारा फैन को बंद करने के दौरान उसे छूते ही करंट लग गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने घटना को अत्यंत दुःखद बताते हुए लोगों से विद्युत उपकरणों के उपयोग एवं रखरखाव में विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

बालक की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।



रिपोर्टर: के.एन. राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ