परीक्षा आयोजन में शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए : जिलाधिकारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
बस्ती । पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने गन्ना विकास सर्वोदय इंटर कॉलेज, मुंडेरवा स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र के साथ निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों में उपलब्ध संसाधनों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR