पुरानी पुलिस लाइन के पोखरे की होगी दोबारा नीलामी, 18 जून को लगेगी खुली बोली
*पहली नीलामी में नहीं पहुंचा कोई ठेकेदार, अब 20 हजार रुपये जमानत राशि के साथ होगा प्रतिभाग*
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। पुरानी पुलिस लाइन स्थित पोखरे में मछली पालन के अधिकारों की नीलामी एक बार फिर आयोजित की जाएगी। पूर्व निर्धारित तिथि 28 अप्रैल 2026 को आयोजित नीलामी में किसी भी ठेकेदार अथवा फर्म के उपस्थित न होने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। इसके बाद पुलिस विभाग ने पुनः खुली बोली के माध्यम से नीलामी कराने का निर्णय लिया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा जारी सूचना के अनुसार पुरानी पुलिस लाइन स्थित पोखरे में मछली पालन के लिए तीन वर्ष की अवधि हेतु खुली बोली के आधार पर नीलामी की कार्यवाही 18 जून 2026 को दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन परिसर में संपन्न कराई जाएगी।
नीलामी में भाग लेने वाली सभी फर्मों और इच्छुक व्यक्तियों को 20 हजार रुपये नकद जमानत राशि जमा करना अनिवार्य होगा। बिना जमानत राशि जमा किए किसी भी प्रतिभागी को बोली लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विभाग द्वारा जारी शर्तों के अनुसार नीलामी पूरी तरह खुली बोली के आधार पर होगी तथा नीलामी के सभी अधिकार पुलिस अधीक्षक के पास सुरक्षित रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर किसी भी स्तर पर नीलामी प्रक्रिया को निरस्त किया जा सकता है। निर्धारित समय के बाद किसी भी व्यक्ति को बोली लगाने की अनुमति नहीं होगी।
नीलामी के बाद सफल फर्म को निर्धारित अवधि तक ही पोखरे के उपयोग की अनुमति दी जाएगी। शर्तों का उल्लंघन करने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं सफल बोलीदाता को छोड़कर अन्य सभी प्रतिभागियों की जमानत राशि वापस कर दी जाएगी। आयकर एवं जीएसटी की कटौती नियमानुसार की जाएगी।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों को नीलामी मान्य नहीं होगी ।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR