जिलाधिकारी का लार सीएचसी एवं भागलपुर पीएचसी का औचक निरीक्षण

मरीजों को बेहतर इलाज और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करें : डीएम

29 स्वास्थ्यकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

लार, देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार प्रातः लगभग 8 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लार एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भागलपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया तथा ओपीडी, प्रसव केंद्र, मीटिंग हॉल सहित पूरे स्वास्थ्य केंद्र परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 29 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्यकर्मी समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित हों तथा मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचे, जहां उन्होंने ओपीडी, प्रसव केंद्र एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका के अनुसार 24 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उन्होंने प्रसव केंद्र में अधिकाधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने तथा मरीजों को सभी अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने ओपीडी, प्रसव केंद्र, मीटिंग हॉल एवं परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त मिली, जिसे खंड विकास अधिकारी के माध्यम से शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जननी सुरक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उसमें और सुधार लाने के निर्देश भी दिए।

अस्पताल प्रशासन द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या है तथा ट्रांसफार्मर नहीं लग पाया है। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर ट्रांसफार्मर स्थापित कराने एवं समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स के एक आवास में बिना आवंटन के किसी व्यक्ति के रहने की जानकारी मिली, जिस पर जिलाधिकारी ने आवास खाली कराने के निर्देश दिए।

पीएचसी भागलपुर में पांच स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा मरीजों के उपचार की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता एवं बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मरीज इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं से संतुष्ट रहें।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook