सऊदी अरब में रोजगार का सुनहरा अवसर
रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से युवा कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो,

कुशीनगर।जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से सऊदी अरब में विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती प्रक्रिया केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को लगभग ₹43,962 से ₹99,188 प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। भर्ती के अंतर्गत स्ट्रक्चर वेल्डर, वेल्डर, वेल्डिंग, फैब्रिकेशन, प्लंबर, टेक्नीशियन सहित कई पद शामिल हैं। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, डिप्लोमा आदि निर्धारित की गई है। साथ ही संबंधित क्षेत्र में 5 से 15 वर्ष तक का कार्यानुभव आवश्यक होगा। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 25 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है।

जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिदिन 8 घंटे कार्य करना होगा तथा सप्ताह में 6 कार्य दिवस रहेंगे। अनुबंध अवधि 2 वर्ष की होगी। कंपनी की ओर से वीजा, यात्रा, आवास एवं मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर जॉबसीकर के रूप में पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर पंजीकरण या आवेदन में किसी प्रकार की समस्या होने पर सेवायोजन विभाग के टोल फ्री नंबर 155330 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय, रविन्द्रनगर धूस, कुशीनगर में किसी भी कार्यदिवस पर संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा।