गौरा बरहज नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल का तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण,

 गौरा बरहज नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल का तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण, विकास कार्यों की गिनाई उपलब्धियां

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। नगर पालिका परिषद गौरा बरहज की अध्यक्ष  श्वेता जायसवाल का बुधवार को जनसेवा, विकास एवं नगरहित को समर्पित सफल तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो गया। इस अवसर पर नगर पालिका प्रशासन एवं समर्थकों ने इसे विकास, जनविश्वास और जनसेवा के संकल्प की महत्वपूर्ण यात्रा बताया।

अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने कहा कि बीते तीन वर्षों में नगर के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अनेक जनहितकारी कार्य कराए गए। नगर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सड़क, नाली, पुलिया, जल निकासी, इंटरलॉकिंग, स्ट्रीट लाइट, घाट निर्माण, तालाब संरक्षण, पार्क सौंदर्यीकरण, सामुदायिक भवन तथा स्वच्छता संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार लगभग 85 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति दिलाने एवं उन्हें धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए गए। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, अमृत योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, नगरीय सीवरेज एवं जल निकासी योजना, अवस्थापना विकास निधि, 15वें वित्त आयोग तथा राज्य वित्त आयोग सहित विभिन्न योजनाओं के तहत नगर के सभी वार्डों में सीसी रोड निर्माण, मुख्य मार्गों का चौड़ीकरण, आरसीसी नाला निर्माण, पेयजल पाइपलाइन विस्तार, घाट निर्माण तथा सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कराए गए।

इसके अलावा बहुप्रतीक्षित रेलवे सड़क एवं गौरा सड़क निर्माण कार्य भी प्रगति पर बताया गया है। नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित सफाई अभियान, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए गए।

अध्यक्ष  ने नगरवासियों, सभासदों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी और कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि गौरा बरहज को एक स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं विकसित नगर के रूप में स्थापित करना है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी नगरहित, जनकल्याण एवं विकास कार्यों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ