रविवार, 30 अक्टूबर 2022

छठ महापर्व पर पडरौना नगर पालिका ने की समुचित व्यवस्था - विनय जायसवाल


टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो।

कुशीनगर। कुशीनगर के पडरौना नगर पालिका के  नगरीय व विस्तारित ग्रामीण क्षेत्रों में महापर्व छठ पूजा हेतु नपाध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में विगत सप्ताह भर से हो रही तैयारी रविवार को हर छठ घाट पर सुनियोजित व्यवस्था के रूप में दिखाई दी। 


पडरौना नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल से वार्ता के क्रम में उन्होंने बताया कि 31 नए राजस्व ग्राम और नगरीय क्षेत्र में कुल चार दर्जन बड़े छठ घाटों को साफ सफाई कर पूजन हेतु तैयार किया जा चुका है। घाट के किनारे घास की सफाई के अलावा, भूमि का समतलीकरण, बेदियों की पेंटिंग व घाट तक आने जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ चूना गिराकर वृहद रूप से महापर्व छठ की तैयारी की गयी है।

उन्होंने छठ को लेकर अपनी योजनाओं को बताते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र में माताओं को घाट तक पहुंचने के लिए 150 की संख्या में निःशुल्क वाहन के अलावा हर छठ घाट पर चाय पानी की व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, टेण्ट का प्रबंध,  प्रकाश की समुचित व्यवस्था के अलावा आपातकालीन सेवा हेतु फर्स्ट एड सुविधा भी दी गयी है। जिससे घाट पर आने वाली व्रती माताओ के अलावा उनके परिजनों को किसी समस्या का सामना ना करना पड़े।

जिसको ध्यान में रखते हुए रविवार को अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल ने नगर के बंजारी घाट क्षेत्र में हो रहे छठ पूजन कार्यक्रम में व्रती माताओं बहनों के साथ मौजूद रहकर छठमाता के पूजन व व्रती माताओं से आशीर्वाद लेकर उनके कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली। इस के साथ ही राज्य व केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत सभी सुविधाओं का ध्यान रखते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामना संदेश भी प्रेषित किया। 

इस मौके पर उनके साथ सुमन देवी सुशीला देवी माला देवी मालती देवी सोनी मद्धेशिया संतोषी देवी आरती देवी प्रियंका देवी साधु मद्धेशिया जयप्रकाश गुप्ता मैनेजर संतोष सुरेश अशोक गुप्ता अनिल कुमार अरुण प्रसाद बृजेश शर्मा मंथन सिंह सहित नपा के सफाई व प्रकाश वर्ग के लिपिक और कर्मचारियों के अलावा कार्यकर्ता गणों की उपस्थिति रही। 

हिन्दू महिलाओं के साथ मस्लिम महिलाओं ने रखा भी रखा छठ मईयां का व्रत

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों

कुशीनगर । भगवान भास्कर की उपासना का महापर्व छठ हिन्दू ही नही अब मुस्लिम महिलाएं भी करने लगी है। छठ मईयां पर बढ़ता विश्वास आम जन मानस को इतना अहलादित कर रहा है कि लोग इस पर्व को करने के बाद अपने आप को सुखी मान रहे है। 

आस्था व विश्वास के महापर्व छठ का निर्जला व्रत उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में अधिकांश गांवों में हिन्दू महिलाओं के साथ दर्जनों मुस्लिम महिलाओं ने भी रखा है। ये महिलाएं विश्वास के साथ व्रत रखकर छठ पूजा किया। रविवार को यह अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर विधि-विधान से पर्व को और खास बनाया। इतना ही नहीं, करीब 20 वर्षों से एक 65 वर्षीय मुस्लिम महिला भी छठ का निर्जला व्रत रख रही है।

जानकारी के अनुसार कुशीनगर के दुदही विकास खण्ड के अमवा खास, दशहवा, रामपुर बरहन समेत अन्य ग्राम पंचायतों की मुस्लिम महिलाओं को छठ मईयां पर इतना विश्वास है कि वह भी अब निर्जला व्रत रख रहीं हैं। दशहवा गांव निवासी हसनतारा खातून उम्र 65 वर्ष बीते 20 वर्षों से छठ का व्रत कर रहीं हैं। हसनतारा कहती है कि नाती-पोता न होने से उनका परिवार काफी दुःखी रहता था। बहू का डॉक्टरों से उपचार भी कराया, लेकिन उसको कोई लाभ नहीं मिला। गांव की महिलाओं ने उन्हें सलाह दिया कि एक बार सच्चे मन से छठ का व्रत करें तो उसका फल जरूर मिलेगा। पहले साल ही छठ व्रत करने पर घर में नन्हें मेहमान का आगमन हुआ। तभी से वह छठ का व्रत रख रहीं हैं। 

कहानी एक ही नही, कई महिलाएं छठ मईयां के चमत्कार की गवाह वन गयी है। इसी गांव की एक 42 वर्षीय जोहड़ी खातून की चार बेटियां हैं। वह भी एक बेटे की इच्छा लिए छठ का व्रत शुरू किया। कुछ साल बाद ही उन्होंने दो बेटों को जन्म दिया। जोहड़ी कहती हैं कि वह जिन्दगी के अन्तिम पड़ाव तक छठ का व्रत रखेंगी। दशहवा निवासी ऐसुन खातुन, कैमरून नेशा, जुलेखा, वही रामपुर बरहन निवासी जोहरा बेगम, संतुलिया बानो व जहरिना बेगम भी पिछले कई वर्षों से आस्था और विश्वास के साथ छठ का व्रत कर रहीं हैं। जहरिना कहती हैं कि छठ व्रत करने की इच्छा हुई तो उनके शौहर ने मना कर दिया। इसके बाद से ही वह गंभीर रूप से बीमार रहने लगे। उनके कहने पर मैंने व्रत शुरू किया तो शौहर भी ठीक हुए और खुशी से समय भी गुजर रहा है।


थाई संस्कृति की जानकारी देने वाला रविवारीय विद्यालय पुनः खुला

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो।

कुशीनगर । भगवान बुद्ध की परिनिवार्ण स्थली कुशीनगर में थाई मंदिर में थाई बौद्ध श्रद्धालुओं की ओर से प्रभारी फ्रा सोंगपोंग ने शनिवार को भगवान बुद्ध की विशेष पूजा अर्चना की। यह वर्षावास के बाद बौद्ध धर्म में मनाए जाने वाले कठिन चीवर दान के तहत हुआ।

जानकारी के अनुसार कुशीनगर में शनिवार को भारत व नेपाल में थाईलैंड के विशेष धम्मदूत फ्रा धाम बोधिवोंग की मौजूदगी में परिसर स्थित अंकुर रविवारीय विद्यालय का शुभारंभ किया गया। 

जानकारी के अनुसार यह रविवारीय विद्यालय कोरोना संक्रमण के कारण पिछले तीन साल से बंद रहा है। इस विद्यालय में बच्चों को सामान्य शिक्षा के अलावा इंडो-थाई संस्कृति की शिक्षा दी जाती है। यहां पर आसपास के लोगों को थाई संस्कृति और उनके समाज के बारे में जानकारी दी जाती हैं। संचालन फ्रा सोंगक्रान ने किया।

इस मौके पर विद्यालय के निदेशक अमिताभ कुमार त्रिपाठी, हरिवंश यादव, मनीषा, बबिता, प्रबंधक अंबिकेश त्रिपाठी, विवेक कुमार गौतम आदि उपस्थित रहे।


विधायक का चुनाव लड़ने वाला विजय ठगी के आरोप में गिरफ्तार


तीन सदस्यों ने बदल दिया ठगी का तरीका

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में साइबर सेल, स्वाट टीम और थाना नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने ठगी कर विधायक का चुनाव लड़ने की इच्छा रखने के एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। वहीं टीम ने गैंग के एक अन्य सदस्य को भी पकड़ा है।

ज्ञातव्य हो कि पूर्व से ही चुनाव लड़ने की मंशा रखने वाले विजय कुशवाहा पुत्र सुरेश चंद्र कुशवाहा दिवलिया मनिया छपरा थाना रामकोला पर 25,000 का इनाम था। पुलिस ने आरोपियों से 1,03,200 लाख रुपये व अन्य सामान भी बरामद किए हैं। एसपी धवल जायसवाल ने घटना का पर्दाफाश शनिवार को पुलिस लाइन में किया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर पहले से ही आईटी व अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दूसरे की पहचान तनवीर आलम उर्फ अमन पुत्र नौशाद अली निवासी तमकुहीराज गुदरी टोला के रूप में हुई। इनके पास से अपराध में उपयोग होने वाले दो लैपटॉप, एक मोटरसाइकिल, नकद, 16 एटीएम कार्ड, 13 आधार कार्ड, छह सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन, एक तमंचा व चार कारतूस बरामद किए गए हैं।

लालच देकर फर्जी सिमकार्ड से खाता लिंक करा कर होती थी ठगी

एसपी ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों ने पूछताछ में यह खुलासा किया कि वह महिलाओं और भोले भाले लोगों को लालच देकर निशाना बनाते थे। पहले कंपनियों से फर्जी मोबाइल नंबर लेकर यूपीआई बनाते थे, फिर इंस्टेंट लोनिंग का पैसा खाते में ट्रांसफर कर उसे निकासी कर लेते थे। यह भी पता चला कि जब तीन सदस्यों की पहले गिरफ्तारी हुई तो उन्होने ठगी का तरीका बदल दिया। अब भोले भाले लोगों को फुसलाकर फर्जी सिमकार्ड से उनके खाते को लिंक कराते थे और मोबाइल में इसका कंट्रोल लेकर साइबर हैकरों को बेच देते थे। ठगी करने वाले ये अपराधी खातों के एटीएम व पासबुक अपने पास रखते थे। इसके बदले साइबर हैकर्स से भारी धन प्राप्त होता था। इसके अलावा एटीएम से पैसे निकालने आए भोले लोगों का एटीएम पिन देखकर उन्हें बातों में बहलाकर सारा पैसा निकाल लेते थे।

जुलाई में भी पकड़े गए थे तीन साथी

पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 31 जुलाई 2022 को इनके तीन साथी को साइबर पुलिस ने पकड़ लिया था। इसके बाद आरोपियों ने ठगी का तरीका बदल दिया था। पहले यह भोले भाले लोगों को फुसलाकर लालच देकर ठगी करते थे। इसके बाद से एटीएम बदलकर फर्जीवाड़ा करते थे।

ठगी के पैसे से बनना चाहता था विधायक, लड़ चुका था निर्दल चुनाव

ठगी के आरोप में गिरफ्तार विजय कुशवाहा बीते कई सालों से इसी कार्य में लगा था। पहले वह एटीएम बदलकर लोगों का पैसा ठग लेता था। इसके बाद से वह भोले भाले लोगों को लालच देकर बैंक में खाता खुलवाकर फर्जी सिम कार्ड को साइबर हैकरों का बेच देता था। इसी पैसों से वह खड्डा विधानसभा से चुनाव भी लड़ा था। वह ठगी के पैसों से विधायक बनना चाहता था।

कुछ लोगों से शारीरिक सम्बन्ध बनाने के लिए महिलाओं को देता था लालच

पुलिस कप्तान ने बताया कि विजय के मोबाइल में मिली जानकारी के अनुसार उसने कुछ महिलाओं को लालच देकर कुछ लोगों से शारीरिक संबंध बनाने के लिए मैसेज किया गया था। वह ठगी के साथ-साथ इस धंधे में भी जाना चाहता था।